
केदारनाथ, 18 अक्टूबर। श्री केदारनाथ धाम के क्षेत्ररक्षक भकुंट भैरवनाथ जी के कपाट आज शनिवार को शीतकाल के लिए विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात बंद कर दिए गए। अपराह्न 1 बजकर 15 मिनट पर सम्पन्न इस धार्मिक अनुष्ठान में भक्तिमय वातावरण के बीच पूजा, हवन और भोग अर्पण किया गया।
इससे पूर्व श्री केदारनाथ मंदिर में विशेष पूजा और भोग के बाद श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल के नेतृत्व में श्री भैरवनाथ जी के मंदिर की ओर पारंपरिक शोभायात्रा निकाली गई।
कपाट बंद करने की विधि केदारनाथ धाम के पुजारी बागेश लिंग, धर्माधिकारी ओंकार शुक्ला, वेदपाठी यशोधर मैठाणी और तीर्थ पुरोहितों द्वारा वेद मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न की गई। स्थानीय व्यंजन और रोट का भोग लगाने के बाद हवन यज्ञ के साथ कपाट बंद करने की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
इस अवसर पर बीकेटीसी सदस्य विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, पूर्व अध्यक्ष विनोद शुक्ला, मंत्री राजेंद्र तिवारी, संतोष त्रिवेदी, भैरवनाथ पश्वा अरविंद शुक्ला, अनिल शुक्ला, अंकित सेमवाल, उमेश पोस्ती तथा प्रभारी अधिकारी यदुवीर पुष्पवान सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भकुंट भैरवनाथ जी के कपाट बंद होने के साथ ही अब श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गौरतलब है कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे ।








