देहरादून 18 अक्टूबर ।
पत्रकार संगठन मीडिया राइट उत्तराखंड की ओर से हरिद्वार रोड स्थित संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में प्रदेश स्तरीय दीपावली महोत्सव एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पत्रकारों के बच्चों को साइकिलें उपहार में दी गईं, वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 23 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम दीपावली के उल्लास के साथ-साथ सामाजिक व व्यावसायिक उत्कृष्टता को समर्पित रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य अतिथि वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अभिनव कुमार और विशिष्ट अतिथि मधु भट्ट, राजेंद्र बिष्ट, डा. महेंद्र राणा, नरेंद्र सिंह, प्रदीप दुग्गल, अमित सिंह नेगी और विक्रम श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद विभाग की टीम ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
एलन इंस्टिट्यूट देहरादून के सेंटर हेड विनय मानिक ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत किया। मुख्य अतिथि अभिनव कुमार ने सम्मानित अतिथियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की। मंच संचालन पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष मनमोहन लखेड़ा ने किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम श्रीवास्तव ने कहा कि मीडिया राइट संगठन पत्रकारों के कल्याण और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्यरत है।
सम्मानित व्यक्तियों में शामिल रहे —
सेना से ले. कर्नल यू.एस. ठाकुर (सेवानिवृत्त), आनरेरी कैप्टन महेश कार्की (सेवानिवृत्त), पुलिस विभाग से कांस्टेबल जसवीर सिंह, भारती थापा, सीपीयू उपनिरीक्षक दाताराम कोठारी, कांस्टेबल दीपक कुमार, होमगार्ड प्लाटून कमांडर अजीत सिंह थापा, आशीष सुंदरियाल, पीआरडी शांति चौहान, अनुज राजपूत, सूचना विभाग से सतेंद्र बिजलवान और संतोषी नेगी, 108 सेवा से अपर्णा वर्मा (ईएमटी) और विनोद कुमार (पायलट), चिकित्सा क्षेत्र से डा. सुशील ओझा (दून मेडिकल कॉलेज), अधिवक्ता अभय कुमार श्रीवास्तव और मनोज यादव, नगर निगम से मनीष पंत (आईटी अधिकारी), विधानसभा से दीपक सिंह पुंडीर (लैब टेक्निशियन), शिक्षा क्षेत्र से डा. अंजना गुसाई, डा. नगमा हसन, सामाजिक कार्यकर्ता दीपशिखा रावत वर्मा, और विशेष सम्मान रईस अहमद (सूचना विभाग) को दिया गया।कार्यक्रम में पत्रकार नारायण दत्त भट्ट, चेतन सिंह खड़का, गिरीश तिवारी, मनमोहन बनानी ,सतीश पुंडीर, रोशन सुंद्रीयाल, सूर्य प्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।








