देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस अब चलेगी हफ्ते में तीन दिन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से मिली उत्तराखंड को बड़ी रेल सौगात
देहरादून 17 अक्टूबर ।उत्तराखंडवासियों के लिए रेल यात्रा से जुड़ी राहत भरी खबर आई है। अब देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस (15019/15020) हफ्ते में एक की बजाय तीन दिन चलेगी। रेल मंत्रालय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आग्रह पर इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में 8 अक्टूबर को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देहरादून–टनकपुर रेल सेवा की आवृत्ति बढ़ाने का मुद्दा उठाया था। मुख्यमंत्री के प्रयासों पर रेल मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे सप्ताह में तीन दिन चलाने की मंजूरी दे दी है।
नई समय सारिणी के अनुसार अब 15019 देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी, जबकि 15020 टनकपुर–देहरादून एक्सप्रेस मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। पहले यह सेवा केवल हफ्ते में एक दिन ही संचालित होती थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड का आभार जताते हुए कहा कि “देहरादून–टनकपुर रेल सेवा के विस्तार से कुमाऊँ और गढ़वाल के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और व्यापार, पर्यटन व क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। राज्य के विभिन्न हिस्सों में रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है, जिससे आने वाले समय में पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक रेल पहुंच सुनिश्चित होगी।
रेल मंत्रालय के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा द्वारा जारी आदेश में इस सेवा विस्तार को शीघ्र लागू करने और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कुमाऊँ–गढ़वाल के बीच रेल यात्रा होगी और आसान, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा।








