महिला आयोग सख्त — हर दोषी को मिलेगी कठोर सजा: कुसुम कंडवाल
हरिद्वार में 80% झुलसी पीड़िता, महिला आयोग ने लिया संज्ञान, पुलिस को दिए सख्त निर्देश
हरिद्वार 12 अक्टूबर
। हरिद्वार जनपद के रोशनाबाद क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता भारती (24) का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। घटना पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने इसे “मानवता को झकझोर देने वाली घटना” बताया और कहा कि “किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, हर आरोपी को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाई जाएगी।”
शिकायत के अनुसार, भारती की शादी अक्टूबर 2024 में आशीष कुमार, पुत्र विजय पाल निवासी रोशनाबाद से हुई थी। शुरुआती कुछ महीने सामान्य रहे, लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता की बहन ने बताया कि परिवार की ओर से कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन ससुराल वालों का व्यवहार और अधिक हिंसक होता गया।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 सितंबर 2025 को बेटी के जन्म के बाद अत्याचार और बढ़ गए। 11 अक्टूबर 2025 को पति आशीष कुमार, ससुर विजय पाल, सास, ननद और जेठ ने मिलकर भारती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इससे वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गई।
मामले की जानकारी मिलते ही महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र डोभाल को फोन कर तत्काल और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मामला न केवल महिला उत्पीड़न, बल्कि समाज की संवेदनाओं की परीक्षा है। “इस घटना में शामिल कोई भी आरोपी कानून से नहीं बच पाएगा,” उन्होंने कहा।
कंडवाल ने पीड़िता के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पुलिस को निर्देशित किया कि “जांच में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। यह प्रकरण महिला सुरक्षा और न्याय की कसौटी बने।”
इस बीच एसओ सिडकुल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पीड़िता की हालत नाजुक बताई जा रही है।








