देहरादून 12 अक्टूबर
। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब, देहरादून द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव-2025 में शिरकत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लक्की ड्रॉ विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और सभी पत्रकारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब की भूमि आवंटन की कार्यवाही तेजी से चल रही है। कार्यवाही पूरी होने के बाद क्लब के लिए एक भव्य भवन का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन से लेकर आज तक पत्रकारों ने अपनी लेखनी के माध्यम से उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास में अहम योगदान दिया है।
सीएम ने कहा कि दीपावली का पर्व सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। जैसे दीपक अंधकार को दूर करता है, वैसे ही पत्रकार समाज में प्रकाश फैलाने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी से इस बार की दीपावली पर स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का संकल्प लेने की अपील की। कहा— “विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के लिए स्वदेशी को बढ़ावा देना जरूरी है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय योजनाओं पर सरकार लगातार काम कर रही है। वरिष्ठ पत्रकार सम्मान योजना के तहत कई वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के तहत पत्रकार कल्याण कोष का बजट 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये कर दिया गया है। साथ ही पत्रकारों के स्वास्थ्य के लिए नियमित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन और राज्यभर के मीडिया सेंटर्स के आधुनिकीकरण का कार्य भी शुरू किया गया है।
सीएम धामी ने कहा कि पत्रकार सच्चाई और जनहित के लिए जिस निष्ठा से काम करते हैं, वह प्रशंसनीय है। पत्रकार लोकतंत्र की आत्मा को जीवित रखते हैं। सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना, दोनों ही जिम्मेदारियां पत्रकार बखूबी निभा रहे हैं।कार्यक्रम में विधायक खजान दास, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, दायित्वधारी हेमराज बिष्ट, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, महामंत्री सुरेंद्र डसीला सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।








