देहरादून 11 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन विभाग के कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य के दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात वनकर्मियों को आवासीय भत्ता दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि यह कदम उन कर्मियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा जो कठिन परिस्थितियों में वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा में जुटे रहते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “हमारे वनकर्मी प्रदेश की बहुमूल्य वन संपदा की रक्षा में दिन-रात काम करते हैं। जंगलों की दूरस्थ चौकियों पर तैनाती के दौरान उन्हें परिवार से दूर रहना पड़ता है। ऐसे में परिवार के लिए अलग से आवास व्यवस्था करना उनके लिए चुनौती बन जाता है। सरकार ने उनकी इस कठिनाई को समझते हुए दुर्गम क्षेत्रों में आवासीय भत्ता देने का निर्णय लिया है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां तैनात वनकर्मियों को यह भत्ता दिया जाएगा। शासन स्तर पर वित्त विभाग की सहमति से ऐसे दुर्गम क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, जहां यह सुविधा लागू होगी।
वन विभाग के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वन मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि सरकार का यह निर्णय उनके लिए बड़ी राहत लेकर आया है। इससे उन्हें अपने परिवारों की देखभाल में सहूलियत मिलेगी और वे वन संपदा की रक्षा में और अधिक समर्पण से कार्य कर सकेंगे।








