देहरादून, 10 अक्टूबर।
भाजपा विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर छात्रहित में हाल ही में संपन्न स्नातक स्तरीय UKSSSC परीक्षा को निरस्त करने की मांग की।
विधायकों ने इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा अब तक 25,300 सरकारी नियुक्तियां दिए जाने और पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच कराने के निर्णय के लिए आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडल में खजान दास, दिलीप सिंह रावत, विनोद कंडारी, बृज भूषण गैरोला, दुर्गेश्वर लाल, सुरेश चौहान, मोहन सिंह बिष्ट, रेणु बिष्ट तथा प्रदेश मीडिया प्रमुख मनवीर सिंह चौहान शामिल रहे।
मुलाकात के बाद विधायक खजान दास ने बताया कि मुख्यमंत्री ने
छात्रहित में सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमेशा युवाओं की भावनाओं का सम्मान किया है और पेपर लीक प्रकरण पर कठोर कार्रवाई करते हुए सीबीआई जांच की सिफारिश की है।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को छात्रों और अभिभावकों की भावनाओं से अवगत कराया है। परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर किसी भी तरह का संदेह न रहे, इसलिए पार्टी ने परीक्षा निरस्त करने पर विचार का आग्रह किया है।








