देहरादून, 27 सितम्बर।
राज्य कर मुख्यालय में आज जीएसटी-2.0 से जुड़े नवीन प्रावधानों, कर दरों में हुए परिवर्तनों और कर सुधारों पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला आयुक्त कर सोनिका के निर्देशों पर आयोजित हुई, जिसमें 3 सितम्बर को हुई 56वीं जीएसटी काउंसिल बैठक में लिये गये निर्णयों के आलोक में उद्योग एवं व्यापार संगठनों के पदाधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यशाला का उद्घाटन विशेष आयुक्त राज्य कर आई.एस. बृजवाल ने किया। चार चरणों में आयोजित इस कार्यशाला के दूसरे चरण में स्लाइड्स और पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) अनुराग मिश्र, संयुक्त आयुक्त (मुख्यालय) श्री प्रवीण कुमार गुप्ता तथा उपायुक्त राज्य कर आशीष ठाकुर ने जीएसटी-2.0 के प्रमुख संशोधनों पर विस्तृत व्याख्या की।
इसके बाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखण्ड (IAU) व अन्य व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा पूछे गये प्रश्नों का समाधान किया गया। तीसरे चरण में कराधान व्यवस्था के अनुपालन में आने वाली चुनौतियों जैसे ई-वे बिल, फैब्रिक, पेपर, जॉब वर्क, ऑटोमोबाइल सर्विस तथा मोटर इंडस्ट्री में कर दरों में हुए बदलावों पर गहन चर्चा हुई।
अंतिम चरण में विशेष आयुक्त आई.एस. बृजवाल ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आईएयू अध्यक्ष पंकज गुप्ता, सचिव हेमन्त कुरीच और अन्य पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्यभर में संभागीय कार्यालयों और बड़े व्यापारिक केन्द्रों पर भी जीएसटी-2.0 से जुड़े संशोधनों पर जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
कार्यशाला का संचालन राज्य कर प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान के सहायक निदेशक जयदीप सिंह रावत ने किया और सहयोग नवनियुक्त राज्य कर अधिकारी गरिमा जोशी ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, सदस्य, सीए और वरिष्ठ कर अधिवक्ता मौजूद रहे।अंत में अपर आयुक्त अनिल सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शीघ्र ही डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के साथ भी जीएसटी-2.0 पर कार्यशाला आयोजित की जायेगा।
