
सीएम धामी ने लोकथात महोत्सव में की घोषणा, स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में विद्यालय और स्टेडियम बनाने का भी ऐलान
हल्द्वानी 23 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नैनीताल जिले के बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने बिन्दुखत्ता में एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। साथ ही महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय और स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके परिजनों को सम्मानित करते हुए उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ का जनजीवन, मातृशक्ति का संघर्ष, युवाओं की भावनाएं और सामाजिक चेतना दिखाई देती है। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ गीत के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और अधिकारों का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम को अभिव्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि लोकसंस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर है। इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। लोकथात जैसे आयोजन लोकभाषा, लोकगीत, लोकसंगीत और परंपराओं को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ विरासत के संरक्षण पर भी काम कर रही है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के साथ मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पौराणिक मंदिरों का विकास किया जा रहा है।
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि शेरनाला पर करीब 10 करोड़ रुपये से पुल बनाया गया है। विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू किया गया है। सूर्यानाला और लालकुआं रेलवे क्रॉसिंग पर भी पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। बिन्दुखत्ता में करीब 30 करोड़ रुपये से विद्युतीकरण के कार्य किए जा रहे हैं, जबकि लालकुआं क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।
उन्होंने बताया कि गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। वन क्षेत्रों से लगे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ भी लगाई जा रही है।
बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है। राज्य सरकार इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और केंद्र सरकार से भी लगातार संवाद किया जा रहा है। उन्होंने वनाधिकार समिति के प्रतिनिधियों से भी इस विषय पर चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लोक कलाकार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।








