
देहरादून, 13 सितंबर। क्लीन एंड ग्रीन एनवायरनमेंट समिति की ओर से सेलकुई स्थित दून टीवीएस शोरूम के बाहर 10वां वृक्ष वितरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत फूलदार और फलदार प्रजातियों के 400 से अधिक पौधे लोगों को वितरित किए गए।
वितरित पौधों में नीम, आम, आंवला, शहतूत, चंपा, रात की रानी, कनेर और तुलसी सहित विभिन्न प्रजातियां शामिल रहीं। समिति के पदाधिकारियों ने लोगों से पौधों का रोपण करने के साथ ही उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
दून टीवीएस के मालिक एवं समिति के संरक्षक राजेश भाटिया ने समिति के अध्यक्ष एवं संस्थापक राम कपूर से शोरूम के सामने फलदार और फूलदार पौधों के वितरण का आग्रह किया था। समिति ने उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए अभियान आयोजित किया।
समिति के अध्यक्ष राम कपूर ने कहा कि क्लीन एंड ग्रीन एनवायरनमेंट समिति पूरे देहरादून क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना समिति की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष एवं संस्थापक राम कपूर, उपाध्यक्ष रणदीप अहलूवालिया, कोषाध्यक्ष शंभू शुक्ला, दून टीवीएस के मालिक राजेश भाटिया, राजेश बाली, अमरनाथ कुमार, दून टीवीएस के अध्यक्ष आशीष भाटिया समेत शोरूम का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।







