मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में रजिस्ट्रेशन का नया रिकॉर्ड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 27 अगस्त। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में इस वर्ष खिलाड़ियों के पंजीकरण ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। अब तक 2.35 लाख से अधिक खिलाड़ी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय स्थित एनआईसी सभागार से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को प्रतियोगिता से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

खेल मंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हर ब्लॉक से कम से कम 2000 खिलाड़ियों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, खिलाड़ियों के रहने, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए जिला योजना से प्रतियोगिता का बजट बढ़ाने को कहा।

बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए करीब 1.62 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इस वर्ष अब तक 2.35 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त होने के चलते संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है।

इस वर्ष प्रतियोगिताओं में 8 से 14 वर्ष और 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। महिला ओपन वर्ग में 20 से 25 वर्ष तक की महिलाएं भी हिस्सा ले सकेंगी। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

रेखा आर्या ने जिलाधिकारियों को प्रतियोगिताओं के आयोजन की सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने और खिलाड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।

बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश मंमगाई और उपनिदेशक शक्ति सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें