
देहरादून, 18 जुलाई। इस्कॉन देहरादून की ओर से शनिवार को भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। रथयात्रा का शुभारंभ ओएनजीसी कम्युनिटी हॉल, राजेंद्र नगर से हुआ और किशन नगर, चकराता रोड, घंटाघर तथा सचिवालय मार्ग से होते हुए भगवान श्री वेंकटेश्वर कल्याण मंडपम में इसका समापन हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी खींचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रथयात्रा में वृंदावन से आए करीब 50 संतों और संन्यासियों के साथ देश-विदेश से पहुंचे भक्तों ने भाग लिया। परम पूज्य 1008 श्रील भक्ति धीरा दामोदर स्वामी महाराज की उपस्थिति आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, आईआईटी मंडी के निदेशक डॉ. लक्ष्मीधर बेहरा, पूर्व महापौर सुनील उनियाल ‘गामा’, जीएमवीएन के निदेशक विशाल गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
पूरे मार्ग में हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और नृत्य से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान जगन्नाथ का स्वागत किया। यात्रा के दौरान और समापन स्थल पर हजारों श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
समापन समारोह में भगवान जगन्नाथ को 1008 प्रकार के भोग अर्पित किए गए। इसके साथ ही पारंपरिक पाहंडी विजय, छेरा पहरा, आरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं।इस्कॉन देहरादून के मंदिर अध्यक्ष परम करुणा माधव दास ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शासन, जिला प्रशासन, पुलिस, मीडिया, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से यह आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





