
देहरादून 23 मई ।उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। श्रद्धालुओं की भारी आमद के बीच यात्रा में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा है। शुक्रवार तक चारधामों में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 20 लाख के करीब पहुंच गई है।यात्रा के 34 दिनों में कुल 19,80,437 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। इनमें केदारनाथ धाम में सबसे अधिक 7,82,136 श्रद्धालु पहुंचे हैं। इसके अलावा बद्रीनाथ में 5,24,218, गंगोत्री में 3,34,265 और यमुनोत्री धाम में 3,39,818 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए।
शुक्रवार 22 मई को एक ही दिन में 89,079 श्रद्धालुओं ने चारों धामों में दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया। सबसे अधिक 30,218 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे, जबकि बद्रीनाथ में 27,992, यमुनोत्री में 16,201 और गंगोत्री में 14,668 श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल प्रबंधन और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में होने वाली इस यात्रा को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने की स्थिति में हर श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
चारधाम यात्रा में उमड़ रही भीड़ यह दर्शाती है कि श्रद्धालुओं का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और उत्तराखंड एक बार फिर आस्था के केंद्र के रूप में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।







