10 मार्च को श्री झंडा जी मेला नगर परिक्रमा, कई मार्गों पर रहेगा यातायात डायवर्जन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 08 मार्च। श्री झंडा जी मेला 2026 के तहत 10 मार्च को आयोजित होने वाली नगर परिक्रमा को लेकर देहरादून पुलिस ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। परिक्रमा के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।

जारी रूट प्लान के अनुसार नगर परिक्रमा दरबार साहिब परिसर से प्रारंभ होकर सहारनपुर चौक, कांवली रोड, एसजीआरआर, बिंदाल, तिलक रोड, बिंदाल कट, घंटाघर, पल्टन बाजार, लक्खीबाग, सहारनपुर चौक, बॉम्बे बाग, समाधि स्थल होते हुए वापस सहारनपुर चौक से दरबार साहिब पहुंचेगी।

नगर परिक्रमा के दौरान सहारनपुर चौक पहुंचने पर कांवली रोड से सहारनपुर चौक की ओर कोई भी यातायात नहीं आएगा। पटेलनगर मंडी से आने वाले ट्रैफिक को कमला पैलेस की ओर भेजा जाएगा, जबकि बल्लीवाला से आने वाले वाहनों को बल्लूपुर या जीएमएस रोड की ओर तथा लक्ष्मण चौक से आने वाले यातायात को पार्क रोड की ओर मोड़ा जाएगा।

परिक्रमा के तिलक रोड पहुंचने पर बिंदाल चौक से तिलक रोड की ओर किसी भी प्रकार का ट्रैफिक नहीं जाने दिया जाएगा। बिंदाल चौक से घंटाघर तक सड़क को दो हिस्सों में बांटकर एक ओर शोभायात्रा और दूसरी ओर यातायात का संचालन किया जाएगा।

नगर परिक्रमा के घंटाघर पहुंचने पर दर्शनलाल चौक से आने वाले ट्रैफिक को लैन्सडाउन चौक की ओर तथा ओरियंट चौक से आने वाले ट्रैफिक को कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पल्टन बाजार पहुंचने पर सभी डायवर्ट प्वाइंट्स पर यातायात को सामान्य कर दिया जाएगा।

सहारनपुर चौक से किसी भी वाहन को कांवली रोड और झंडा साहिब की ओर नहीं भेजा जाएगा। साथ ही नगर परिक्रमा के दौरान गऊघाट कट और रेलवे गेट के आसपास भी यातायात को रोक-रोककर चलाया जाएगा।

नगर परिक्रमा के दौरान प्रमुख बैरियर और डायवर्ट प्वाइंट पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, दर्शनलाल चौक, ओरियंट चौक, बल्लूपुर चौक और बिंदाल कट पर बनाए जाएंगे।

देहरादून पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम जनता से अपील की है कि नगर परिक्रमा के दौरान इन मार्गों का प्रयोग न करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Comment

और पढ़ें