देहरादून, 8 मार्च । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में जल महोत्सव पखवाड़े के दौरान “नीर नारी शक्ति सम्मान-2026” समारोह का आयोजन राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन तथा जिला जल एवं स्वच्छता मिशन, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यक्रम के दौरान पेयजल विभाग में कार्यरत महिला अभियंताओं ने पेयजल क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के अपने अनुभव साझा किए। वहीं राज्य के विभिन्न जनपदों से आई महिला सदस्यों ने पेयजल, स्वच्छता, जल संरक्षण और संवर्धन को लेकर गांवों में किए जा रहे अनुकरणीय प्रयासों और अनुभवों को साझा किया।
महिला सदस्यों ने अपने विचार रखते हुए बताया कि जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के क्रियान्वयन के बाद उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए हैं। समारोह में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल जीवन मिशन से पहले और अब प्रत्येक घर में नल से जल की उपलब्धता से हुए सामाजिक-आर्थिक बदलाव, जल जनित बीमारियों में कमी तथा ग्रामीण महिलाओं और बच्चों के जीवन में आए परिवर्तन को प्रस्तुत किया गया।
समारोह में राज्य में पेयजल और स्वच्छता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली ग्राम प्रधानों, जल सखियों, ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति की सदस्यों, पर्यावरण सखियों, पेयजल गुणवत्ता की जांच करने वाली महिला सदस्यों तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि कुसुम कंडवाल ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से जल जीवन मिशन को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव आया है। विशेष रूप से महिलाओं के कार्यभार में कमी आई है और जंगली जानवरों से होने वाले जोखिम भी घटे हैं। अब स्कूली बच्चे अधिक समय पढ़ाई को दे पा रहे हैं और महिलाएं अपने अतिरिक्त समय का उपयोग आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में कर रही हैं।उन्होंने कहा कि घरों में नल से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति होने से दूषित पानी से होने वाली बीमारियों में भी कमी आई है।इस अवसर पर मिशन निदेशक रोहित मीणा, अधीक्षण अभियंता सुनील तिवारी, अधिशासी अभियंता अनंत सिंह सैनी, अधीक्षण अभियंता मीशा सिन्हा, अधिशासी अभियंता कंचन रावत सहित राज्य व जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अधिकारी मौजूद रहे।






