उत्तरायणी कौथिक में हिलान्स कैंटीन की चमक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 07 फरवरी 2026। परेड ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय उत्तरायणी कौथिक महोत्सव 2026 सांस्कृतिक रंगों के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण का भी सशक्त मंच बनकर उभरा। महोत्सव में हिलान्स कैंटीन का संचालन संभाल रही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपनी मेहनत, अनुशासन और पाक-कौशल से अतिथियों व कलाकारों का दिल जीत लिया।

सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विकासखंड रायपुर की दुर्गा स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को किचन और भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई थी। महिलाओं ने पारंपरिक, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन तैयार कर न केवल सराहना बटोरी, बल्कि बड़े आयोजनों में अपनी दक्षता भी साबित की। मुख्यमंत्री, मुख्य अतिथि और जिला प्रशासन ने भी उनके कार्य की प्रशंसा की।

महोत्सव में 175 से अधिक स्टालों के बीच महिला समूहों की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि ग्रामीण महिलाएँ अवसर मिलने पर बड़े मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। इस सहभागिता से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और आय के नए स्रोत भी खुले हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन की पहल पर क्लेक्ट्रेट, कोरोनेशन अस्पताल, गुच्चूपानी और आईएसबीटी जैसे प्रमुख स्थानों पर हिलान्स कैंटीन-कम-किचन के संचालन की जिम्मेदारी भी महिला समूहों को सौंपी गई है। जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की यह पहल लगातार मजबूत हो रही है।दुर्गा स्वयं सहायता समूह की सदस्य शिवानी थापा ने कहा कि ऐसे आयोजनों में काम करने से उन्हें अपनी पहचान बनाने और बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है। वहीं खंड विकास अधिकारी रायपुर अपर्णा बहुगुणा ने बताया कि समूह की महिलाएँ कोरोनेशन अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही रायपुर ब्लॉक में बेकरी यूनिट का संचालन भी कर रही हैं।अस्पताल में संचालित कैंटीन से चार महिलाओं को रोजगार मिला है और समूह को प्रतिमाह करीब एक से डेढ़ लाख रुपये की आय हो रही है। इससे उनके परिवारों को आर्थिक मजबूती मिलने के साथ समाज में सम्मान भी बढ़ा है।दुर्गा स्वयं सहायता समूह की यह सफलता बताती है कि अवसर और विश्वास मिलने पर महिलाएँ आत्मनिर्भर बनकर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भागीदारी निभा सकती हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें