देहरादून 01 जनवरी। नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास पर मंत्रीगणों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों, शासन-प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आई.टी.बी.पी. सहित केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों एवं संगठनों के उच्चाधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें नए वर्ष की बधाइयाँ दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी आगंतुकों का हार्दिक स्वागत करते हुए शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नया वर्ष नई ऊर्जा, नए संकल्प और नए अवसरों का प्रतीक होता है, जो हमें समाज और राज्य की सेवा के प्रति और अधिक दृढ़ संकल्पित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 उत्तराखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण वर्ष सिद्ध होगा। इस वर्ष राज्य सरकार सुशासन, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के लक्ष्यों को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जन-जन तक विकास योजनाओं का लाभ पहुँचाना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना, महिलाओं को सशक्त बनाना, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के धार्मिक स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि शासन-प्रशासन और जनता के सहयोग से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने का संकल्प इस वर्ष और अधिक मजबूती के साथ साकार होगा। उन्होंने सभी से एकजुट होकर राज्य के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि नया वर्ष सभी के जीवन में खुशियाँ, सफलता और नई संभावनाएँ लेकर आए।







