विष्णु लोक तिहरे हत्याकांड पर धस्माना ने कहा प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 6 ऊं। रायपुर थाना क्षेत्र के विष्णु लोक में हुए तिहरे हत्याकांड को लेकर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने पुलिस और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। घटना के बाद कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे धस्माना ने कहा कि दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरा प्रदेश दहल गया है और आम जनता का पुलिस तथा सरकार से भरोसा डगमगा रहा है।

उन्होंने कहा कि अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ समाप्त हो गया है। देहरादून में भाजपा की वरिष्ठ पार्षद अमिता सिंह के घर हुई लूट के एक सप्ताह के भीतर लूट के इरादे से तिहरे हत्याकांड की घटना अपराधियों के बढ़े मनोबल और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

धस्माना ने अस्पताल से ही देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल से फोन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आपराधिक घटना के बाद जिस अस्पताल में तीन शव रखे हैं, वहां भी कोई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद नहीं है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

धस्माना ने कहा कि वह बुधवार को प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव से मुलाकात कर इस मामले में कांग्रेस की ओर से मांग पत्र सौंपेंगे। उन्होंने तिहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की।

Leave a Comment

और पढ़ें