
नंदा की चौकी आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, गर्भवती महिलाओं की कराई गोद भराई
देहरादून 28 सितंबर ।महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को नंदा की चौकी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई और लाभार्थी महिलाओं व किशोरियों को महालक्ष्मी किट, बेबी किट तथा पोषण किट वितरित किए।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आंगनवाड़ी केंद्र केवल पोषण वितरण के केंद्र नहीं हैं, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बच्चों के विकास तथा किशोरियों के स्वास्थ्य और पोषण को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, नवजात शिशुओं और किशोरियों के स्वास्थ्य व पोषण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। महालक्ष्मी किट, बेबी किट और पोषण किट के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही महिलाओं और बच्चों को बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। राज्य सरकार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान रेखा आर्या ने महिलाओं और किशोरियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव भी प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं को पहुंचाने के साथ बच्चों के पोषण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल और किशोरियों में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। सरकार आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के कार्य को और अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है।
कार्यक्रम में यमनोत्री, रचना, नीरज और महिमा की गोद भराई कराई गई। सुनीता और कुसुम को महालक्ष्मी किट, चांदनी, पूनम और संजीदा को बेबी किट तथा सोनाली, दिव्या और मनीषा को पोषण किट प्रदान की गई।इस अवसर पर निदेशक बंशीलाल राणा, डिप्टी डायरेक्टर विक्रम सिंह, राज्य परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार, नोडल अधिकारी उदय प्रताप सिंह, कार्यक्रम अधिकारी सरोज त्रिपाठी, आंगनवाड़ी कार्यकत्री रचना देवी सहित विभागीय अधिकारी, लाभार्थी महिलाएं, किशोरियां और बच्चे मौजूद रहे।








