
देहरादून 27 सितंबर। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक पहले पीड़ित के घर पर निर्माण कार्य के दौरान काम कर चुका था और उसे पीड़ित के स्वभाव तथा मोबाइल नंबर की जानकारी थी।
पुलिस के अनुसार, झिवारेड़ी निवासी भगवती प्रसाद ने 24 सितंबर को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति फोन पर उन्हें डराकर पैसे मांग रहे हैं और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई। 26 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र से विशु (19) निवासी नजरपुरा, मंगलौर, हरिद्वार और अभिषेक (21) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी मूल रूप से हरिद्वार के रहने वाले हैं। विशु कुछ समय पहले भगवती प्रसाद के भवन निर्माण के दौरान उनके यहां काम कर चुका था। इसी दौरान उसके पास भगवती प्रसाद का मोबाइल नंबर आ गया था। पुलिस के मुताबिक, काम नहीं मिलने और पैसों की तंगी के चलते विशु ने अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर उन्हें डराकर रकम वसूलने की योजना बनाई।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अभिषेक के पास एक व्यक्ति मोबाइल ठीक कराने आया था। मोबाइल ठीक करने के दौरान अभिषेक ने उसके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर अपने फोन में व्हाट्सएप डाउनलोड कर लिया। इसी व्हाट्सएप के जरिए भगवती प्रसाद को धमकी देकर पैसों की मांग की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी भगवती प्रसाद से पैसे लेने के लिए देहरादून आए थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ओप्पो मोबाइल, एक पोको मोबाइल और एक सैमसंग की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में नयागांव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रफत अली, हेड कांस्टेबल सुनीत कुमार, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार, कांस्टेबल प्रवीण और एसओजी देहरादून के हेड कांस्टेबल किरण कुमार शामिल रहे।







