
देहरादून, 17 सितंबर। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर मोहनपुर विद्युत उपकेंद्र परिसर में पूजा-अर्चना एवं सुरक्षा किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी, निदेशक (वितरण एवं परियोजना) एम.आर. आर्य सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने मोहनपुर विद्युत उपकेंद्र में कार्यरत लाइन कार्मिकों को सुरक्षा किट वितरित की। उन्होंने सेंसर आधारित अलार्मयुक्त सुरक्षा हेलमेट तथा एलटी, 11 केवी और 33 केवी विद्युत तंत्र पर कार्य करने के लिए तैयार किए गए छोटे आकार के सुरक्षा उपकरणों के व्यावहारिक प्रदर्शन का भी अवलोकन किया।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि विद्युत कार्यों में सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रत्येक कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने और सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में नहीं की जानी चाहिए और प्रत्येक कार्मिक को अपनी तथा अपने सहकर्मियों की सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए।









