देहरादून, 13 सितंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने राहुल गांधी को ‘मियां’ कहे जाने को लेकर कांग्रेस नेताओं की आपत्ति पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस को आखिर ‘मियां’ शब्द से कब से दिक्कत होने लगी? कांग्रेस का यह दोहरा चरित्र सनातनी समाज पहले से जानता है, अब मुस्लिम समाज को भी इसे समझना चाहिए।
भट्ट ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राहुल गांधी को लेकर जो टिप्पणी की है, वह कांग्रेस और उसके नेताओं की कथित राजनीति की वास्तविकता को सामने रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राज्य और परिस्थिति के अनुसार अपने बयान बदलती रहती है, जबकि भाजपा का रुख स्पष्ट है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने समान नागरिक संहिता का विरोध किया, कठोर धर्मांतरण कानून का विरोध किया और दंगा रोधी कानून में बाधा डालने का प्रयास किया। इसके अलावा धार्मिक अतिक्रमणों पर कार्रवाई, लव जिहाद और लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी कांग्रेस ने भ्रम फैलाने का काम किया। उन्होंने अवैध मदरसों को संरक्षण देने और कथित तौर पर प्रदेश की जनसांख्यिकी बदलने वाली गतिविधियों के पक्ष में तर्क देने का भी कांग्रेस पर आरोप लगाया। भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने धर्म आधारित मुस्लिम विश्वविद्यालय की वकालत तक की।
भट्ट ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने सनातन विरोध की सभी सीमाएं पार कर दीं। उन्होंने राम मंदिर का विरोध करने, मंदिर के स्थान पर मस्जिद बनाने की पैरवी करने और भगवान राम के अस्तित्व को लेकर न्यायालय में दिए गए हलफनामे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का सामाजिक और राजनीतिक व्यवहार भी तुष्टिकरण की राजनीति को दर्शाता रहा है।
‘मियां’ शब्द को लेकर कांग्रेस की आपत्ति पर भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत का यह कहना कि उनके यहां ‘मियां’ का अर्थ पिता होता है, अपने आप में कांग्रेस की राजनीति पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में पिता को मियां और मियां को पिता बनाने की राजनीतिक मजबूरी रहती होगी।
भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड के कांग्रेस नेता चुनाव को देखते हुए प्रदेश की जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संभव है राहुल गांधी को किसी दूसरे राज्य में ‘मियां’ कहलाना अच्छा लगता हो, लेकिन उत्तराखंड में कांग्रेस नेताओं को इसी शब्द पर आपत्ति हो रही है।
उन्होंने कहा कि सनातनी समाज कांग्रेस के सुविधावादी रवैये को अच्छी तरह पहचानता है। अब मुस्लिम समाज को भी कांग्रेस के कथित दोहरे चरित्र को समझना चाहिए। भट्ट ने कहा कि चुनाव को देखते हुए कांग्रेस देवभूमि में अपना राजनीतिक चोला बदलने की कितनी भी कोशिश करे, जनता की नजरों में उसकी फितरत नहीं बदल सकती।








