
देहरादून 30 अगस्त ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 137वां संस्करण सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और अभिनव प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी माध्यम बन गया है।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जन आंदोलन बनाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। प्रधानमंत्री के आह्वान से युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ेगी और स्वस्थ, सकारात्मक तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा शक्ति के निर्माण को नई ऊर्जा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक सरल एवं रोचक तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया है। ऐसे प्रयास युवाओं को देश के इतिहास, संस्कृति और विरासत से जोड़ने के साथ ही उनमें राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहे हैं। इससे अन्य लोगों को भी अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए नशा मुक्त, स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।







