महेंद्र भट्ट के आवास का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, पुलिस ने हिरासत में लिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के हल्द्वानी में कांग्रेस की जनसभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ के समर्थन में दिए गए बयान के विरोध में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकर्ताओं ने उनके आवास का घेराव किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह जोगी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।

मदन लाल ने कहा कि 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। आरोप है कि जनसभा के बाद कुछ लोगों ने उसी स्थान पर ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ किया। कांग्रेस ने इस घटना को सामाजिक सौहार्द, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत बताया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कथित शुद्धिकरण को उचित ठहराना दुर्भाग्यपूर्ण है। मदन लाल ने कहा कि राजनीतिक विचारधाराओं का विरोध लोकतांत्रिक तरीके से किया जा सकता है, लेकिन किसी राजनीतिक दल या उसके नेता के कार्यक्रम स्थल को अपवित्र बताकर उसका शुद्धिकरण करना सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देता है। उन्होंने महेंद्र भट्ट से अपने बयान पर प्रदेश की जनता को स्पष्टीकरण देने की मांग की।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह जोगी ने कहा कि कांग्रेस दलितों के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर दलितों के साथ अत्याचार के आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे मामलों में लगातार आवाज उठाती रहेगी।

घेराव कार्यक्रम में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, अभिनव थापर, जगदीश धीमान, सीपी सिंह, महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’, नीरज त्यागी, करण घट, आदर्श सूद, गगन सक्सेना, रविंद्र ठाकुर, सुनील प्रधान, पूनम कंडारी, नितीश राजोरिया, सागर सिंह, अमित तलवार, राजकुमार सिंह, सुनील जायसवाल, पिया थापा, हरजीत सिंह, अनिल बंसल, संजय गौतम, अशोक कुमार, ललित भद्री, वीरेंद्र पंवार, मुकीम अहमद भूरा, दीपक मधवाल, शाहिद अहमद, जमाल, याकूब सिद्दीकी, अभिषेक पासी और रोबिन त्यागी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें