विद्यार्थियों के सपनों से बनेगा विकसित उत्तराखंड : मुख्यमंत्री धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रुद्रपुर, 27 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर के एक निजी विद्यालय में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया। कार्यक्रम का आयोजन ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय को लेकर किया गया था। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके विचार, सुझाव और भविष्य के उत्तराखंड की परिकल्पना जानी तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मार्गदर्शन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की ऊर्जा, सोच और विकसित उत्तराखंड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उत्साहवर्धक है। प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं के विचार और सुझाव उत्तराखंड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ‘विकसित भारत-विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, रोजगार, नवाचार, कौशल विकास, पर्यटन, कृषि, खेल और तकनीक समेत प्रत्येक क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं के सपनों, विचारों और प्रतिभा को अवसर देकर आत्मनिर्भर, सक्षम और विकसित उत्तराखंड का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड पर्यटन, विकास, नवाचार और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने नई नीतियां लागू की हैं।

विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण किया गया है। इसका उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश-दुनिया में नेतृत्व करने के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने नेतृत्व क्षमता के महत्व पर कहा कि लीडरशिप केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति अपने क्षेत्र के लीडर होते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के विचार उत्तराखंड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य को लेकर उनकी सोच और संकल्प को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी राज्य के भविष्य को लेकर सजग और जागरूक है। विद्यार्थियों के सपनों, सुझावों और नवाचारपूर्ण विचारों को विकास की दिशा से जोड़कर सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड का निर्माण किया जाएगा।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 800 छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद रहे। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, दिनेश मानसेरा, उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें