देहरादून में उत्कृष्ट करदाताओं और अधिकारियों का हुआ सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 1 जुलाई। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) आयुक्तालय, देहरादून ने जीएसटी के सफलतापूर्वक नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को आईआरडीटी सभागार में “सुगम कर व्यवस्था, सशक्त भारत” थीम के साथ जीएसटी दिवस-2026 का आयोजन किया। कार्यक्रम में कर प्रणाली को सरल, पारदर्शी और करदाता-अनुकूल बनाने की दिशा में जीएसटी की उपलब्धियों पर चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड शासन के सचिव (वित्त) दिलीप जावलकर ने कहा कि जीएसटी ने “एक राष्ट्र, एक कर, एक बाज़ार” की अवधारणा को सफलतापूर्वक साकार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “सरलीकरण एवं समाधान” विजन का उल्लेख करते हुए करदाताओं और कर प्रशासन के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
सीजीएसटी आयुक्त, देहरादून अशोक कुमार पाण्डे ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य जीएसटी प्रशासन के बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए स्वैच्छिक कर अनुपालन में करदाताओं की भूमिका को राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर जीएसटी अपीलीय प्राधिकरण, देहरादून के तकनीकी सदस्य अमंद शाह और न्यायिक सदस्य राजेश जैन ने करदाताओं को अपील संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कर अनुपालन और राजस्व संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड,नेशनल इंडिया लिमिटेड, तथा भारत हैवी इलेक्ट्रीकल लिमिटेड को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।सांस्कृतिक सत्र में लक्ष्मी मिश्रा के नेतृत्व में कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का समापन संयुक्त आयुक्त श्रिया गुप्ता के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Comment

और पढ़ें