बीएड परीक्षा फॉर्म प्रक्रिया में देरी पर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 30 जून। प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन, देहरादून के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने श्री देव सुमन विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि बीएड सत्र 2025-27 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबा खींचा गया। उनका आरोप है कि इस देरी से छात्रों और संस्थानों को परेशानी का सामना करना पड़ा तथा इससे अनियमितताओं की आशंका भी उत्पन्न हुई है।
सुनील अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय को परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से संचालित करना चाहिए, ताकि छात्रों की शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हों। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा फॉर्म भरने जैसी मूलभूत प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब होता है तो इसका सीधा असर शैक्षिक सत्र और परीक्षा कार्यक्रम पर पड़ता है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए निर्धारित शैक्षिक कैलेंडर का प्रभावी पालन तभी संभव है, जब विश्वविद्यालय अपनी आंतरिक अनियमितताओं को दूर करे और कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार लाए। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाने की मांग की।
एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाएगा, जिससे छात्रों और महाविद्यालयों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Comment

और पढ़ें