अगस्त में जारी होगी आउट ऑफ टर्न जॉब की विज्ञप्ति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 16 जून। उत्तराखंड के राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को जल्द ही आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी मिलने का रास्ता साफ होने जा रहा है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगस्त माह तक आउट ऑफ टर्न जॉब की विज्ञप्ति जारी कर दी जाए।

मंगलवार को सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में आयोजित खेल विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को नौकरी देने की प्रक्रिया में अब और देरी नहीं होनी चाहिए तथा इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

बैठक में खेल विश्वविद्यालय की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने नए शैक्षिक सत्र को शुरू करने के लिए आवश्यक नियुक्तियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रथम सत्र में संचालित किए जाने वाले विषयों का चयन किया जा चुका है।

खेल मंत्री ने यह भी बताया कि लोहाघाट स्थित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जुलाई से वहां पहला शैक्षिक सत्र आरंभ किया जाएगा।

39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रायल प्रक्रिया और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए जल्द ही उत्तराखंड ओलंपिक संघ के साथ बैठक आयोजित की जाए।

इसके अलावा बैठक में नई खेल नीति तैयार करने और प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में मिनी स्टेडियम स्थापित करने की योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह तथा उपनिदेशक शक्ति सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें