
श्रीनगर/देहरादून, 23 मई 2026।उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर में स्विफ्ट स्कूल के अंतर्गत पर्सनलाइज्ड एडेप्टिव लर्निंग लैब और अटल टिंकरिंग लैब का शुभारंभ किया।
इस मौके पर जब छात्रों ने पहली बार टैबलेट पर पढ़ाई शुरू की, तो उनके चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के डिजिटलीकरण को तेजी से आगे बढ़ा रही है, ताकि बच्चों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत विद्यालय में स्थापित डिजिटल लैब में छात्रों को टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें विशेषज्ञों द्वारा तैयार ई-लर्निंग कंटेंट मौजूद है। प्रत्येक छात्र के लिए अलग आईडी बनाई गई है, जिसके माध्यम से वे लॉगिन कर विभिन्न विषयों का अध्ययन कर सकते हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि इस प्रणाली के जरिए छात्रों की शैक्षणिक प्रगति का निरंतर मूल्यांकन भी किया जाएगा। हर अध्याय के बाद क्विज होंगे और निर्धारित अंक प्राप्त करने पर ही छात्र अगले स्तर पर जा सकेंगे। कमजोर छात्रों को उनकी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी सीखने की क्षमता और आत्मविश्वास दोनों में वृद्धि होगी।
इसके साथ ही विद्यालय में अटल टिंकरिंग लैब की शुरुआत भी की गई, जहां छात्र विज्ञान, तकनीक, रोबोटिक्स और नवाचार के क्षेत्र में प्रयोगात्मक शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। मंत्री ने कहा कि इससे छात्रों में वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का विकास होगा।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सरोज सिंह मेहरा, SMC अध्यक्ष कुशला नाथ, फाउंडेशन के स्टेट हेड शलभ गुप्ता, पार्षद दिनेश पटवाल, श्रीमती अंजना डोभाल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।







