सिडकुल उद्योगों में श्रमिकों के उत्पीड़न का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 17 मई।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजपुर रोड में आयोजित पत्रकार वार्ता में हरक सिंह रावत ने सिडकुल क्षेत्रों के उद्योगों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सेलाकुई, देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर के औद्योगिक क्षेत्रों में श्रम कानूनों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है और श्रमिकों का लगातार उत्पीड़न हो रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योग प्रबंधन कर्मचारियों के मौलिक एवं श्रम अधिकारों की अनदेखी कर रहा है, जिससे श्रमिकों में भारी आक्रोश है। कई बार वार्ता के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते अब श्रमिक आंदोलन के लिए मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों की समस्याएं सुलझाने के बजाय पुलिस बल के जरिए उनकी आवाज दबाने का काम कर रही है, जो अलोकतांत्रिक और तानाशाही रवैया है।
डॉ. रावत ने महिला श्रमिकों की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। कई उद्योगों में महिलाओं के लिए मूलभूत सुविधाएं जैसे शौचालय तक उपलब्ध नहीं हैं और वेतन में भी असमानता बरती जा रही है, जो महिला सशक्तिकरण के दावों के विपरीत है।
उन्होंने बताया कि श्रमिकों से 8 घंटे से अधिक कार्य लिया जा रहा है, लेकिन उचित भुगतान नहीं दिया जाता। न्यूनतम वेतन अधिनियम का पालन नहीं हो रहा है और महंगाई को देखते हुए वेतन बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने अकुशल, अर्धकुशल, कुशल और अति कुशल श्रमिकों के लिए क्रमशः ₹20 हजार, ₹23 हजार, ₹25 हजार और ₹30 हजार मासिक वेतन की मांग रखी।
इसके अलावा ठेका श्रमिकों के साथ अमानवीय व्यवहार, नियुक्ति पत्र व वेतन पर्ची का अभाव, बिना नोटिस नौकरी से निकाले जाने और पीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी, बोनस व अन्य लाभ न दिए जाने जैसी गंभीर शिकायतें भी सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योग विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से यह सब हो रहा है।
डॉ. रावत ने मांग की कि श्रम विभाग उच्च स्तरीय समिति बनाकर उद्योगों का विशेष निरीक्षण कराए और श्रमिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे। साथ ही श्रम संगठनों की मौजूदगी में शिविर लगाकर श्रमिकों की सुनवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि श्रमिकों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो कांग्रेस और उसके श्रमिक संगठन इंटक को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा और इंटक के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार राजपूत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें