
चम्पावत 15 मई। तल्ली चौकी क्षेत्र में ‘परिवार दिवस’ के अवसर पर नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व व्यवसायी प्रकाश सिंह महर ने किया, जिसमें स्थानीय परिवारों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने ‘नशा नहीं, परिवार जरूरी’ का संकल्प लेते हुए समाज से नशे को जड़ से खत्म करने का संदेश दिया।
अभियान के संयोजक एवं प्रवक्ता सामश्रवा आर्य ने कहा कि परिवार को सुशिक्षित, सुसंस्कृत और नैतिक रूप से मजबूत बनाने में परिवार के मुखिया की अहम भूमिका होती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बड़े-बुजुर्गों को बच्चों को नशे जैसी घातक सामाजिक बुराई से बचाने के लिए सजग रहना चाहिए, क्योंकि यह बुराई परिवार की पवित्रता और भविष्य दोनों को नुकसान पहुंचाती है। इस अवसर पर सुंदर राम, भूप सिंह महर, नवीन तिवारी, गोविंद सिंह, प्रकाश महर, गौरव, आयुष, सलौनी और दीक्षा सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।





