
देहरादून 07 मई ।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास योजनाओं के सुचारू संचालन और जनहित कार्यों को गति देने के लिए लगभग ₹135 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद उधम सिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र सितारगंज में निर्माणाधीन पर्वतीय विकास भवन के अवशेष कार्य हेतु ₹79.87 लाख तथा खटीमा में शहीद स्थल पर शेड निर्माण के लिए ₹20.41 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं जनपद टिहरी गढ़वाल के धनौल्टी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विराड़ में नाग देवता मंदिर के नवनिर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹49.86 लाख तथा देवप्रयाग क्षेत्र में सूर्य देवी मंदिर पलेठी बनगढ़ के सौंदर्यीकरण हेतु ₹98.59 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र स्थित दांतू गांव में ऐतिहासिक भवनों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹35 लाख की धनराशि मंजूर की गई है।
मुख्यमंत्री ने डॉ. आर.एस. टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी के निर्वतन व्यय हेतु ₹2.75 करोड़ जारी करने की स्वीकृति दी है। वहीं उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के निर्वतन व्यय के लिए ₹7.57 करोड़ की धनराशि अवमुक्त किए जाने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है।
पुलिस विभाग के विभिन्न अधिष्ठानों के लिए प्राविधानित धनराशि के सापेक्ष 50 प्रतिशत राशि के रूप में ₹35.74 करोड़ जारी करने की स्वीकृति दी गई है, जबकि होमगार्ड्स विभाग हेतु ₹1 करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री ने किया है।
मुख्यमंत्री ने आरटीई अधिनियम के अंतर्गत निजी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 की द्वितीय किश्त के रूप में ₹84.89 करोड़ जारी करने की भी स्वीकृति प्रदान की है।
शहीद कमल सिंह नेगी के नाम पर होगा मोटर मार्ग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल में मोलन-खण्डाह-भिंताई मोटर मार्ग का नाम शहीद कमल सिंह नेगी के नाम पर रखे जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।






