नकली पीए और ठगी प्रकरण पर भाजपा का हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 06 मई। नकली पीए और टिकट-पद के नाम पर ठगी के मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने इस पूरे प्रकरण को कांग्रेस की आपसी खींचतान का परिणाम बताया है।

चौहान ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल स्वयं यह स्वीकार कर चुके हैं कि उनके खिलाफ डेढ़ महीने से साजिश चल रही है। साथ ही, आरोपी द्वारा भी उन्हें हटाने और “सेटलमेंट” की बात सामने आई है, जिससे स्पष्ट होता है कि पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर संघर्ष चल रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस अध्यक्ष को साजिश के सूत्रधार की जानकारी है, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से नाम उजागर करना चाहिए। इससे राजनीति में पारदर्शिता आएगी और उच्च मानदंड स्थापित होंगे।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में टिकट और पद की खरीद-फरोख्त की खबरें चिंताजनक हैं और यह लोकतंत्र के लिए भी ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में फर्जी व्यक्ति को पैसे दिए जाने की बात सामने आना पार्टी के भीतर नैतिकता के गिरते स्तर को दर्शाता है।

चौहान ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस अब जनता को ठगने में असफल रही है, इसलिए अपने ही नेताओं को ठगने में जुट गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के लिए कांग्रेस का रवैया हमेशा गैर-जिम्मेदार रहा है, जिसके चलते जनता का भरोसा उससे लगातार कम हुआ है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में पहले विधायकों की खरीद-फरोख्त की नींव कांग्रेस ने रखी और अब चुनाव से पहले टिकटों की “एडवांस बुकिंग” जैसी बातें सामने आ रही हैं, जो लोकतंत्र के लिए घातक हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें