चम्पावत में नाबालिग से दुष्कर्म: पुलिस ने तीन के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


चम्पावत। सहेली की शादी में गई एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है और तीन आरोपियों के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव ने बताया 6 मई 2026 को आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक नाबालिग लड़की घर नहीं लौटी है। पीड़िता बीते 5 मई को ग्राम सल्ली में अपनी सहेली के विवाह समारोह में शामिल होने गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम हरकत में आई और स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई, जिसके बाद बालिका को एक डेयरी के पास से बरामद किया गया।
बरामदगी के बाद जब पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ की, तो उसने आपबीती सुनाई जिसे सुनकर पुलिस टीम दंग रह गई। पीड़िता ने बताया कि उसके साथ कुछ व्यक्तियों द्वारा जबरन दुष्कर्म किया गया है। घटना की पुष्टि होते ही पुलिस ने तत्काल पीड़िता को जिला चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार और चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने स्वयं संज्ञान लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट के माध्यम से मौके से वैज्ञानिक एवं महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित करवाए। उन्होंने बताया एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें पूरे क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं। पुलिस तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है।
इस संवेदनशील मामले पर पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि आरोपियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चम्पावत पुलिस महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाती है और दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।फिलहाल, पीड़िता के पिता की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की विवेचना तेजी से गतिमान है।

Leave a Comment

और पढ़ें