शनिवार को मोबाइल पर बजेगी अलर्ट घंटी, घबराएं नहीं—यह सिर्फ टेस्ट मैसेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 01 मई। राज्य में शनिवार, 2 मई 2026 को मोबाइल फोन पर एक विशेष अलर्ट संदेश प्राप्त होगा, जिसे लेकर नागरिकों से घबराने की जरूरत नहीं है। यह अलर्ट आपातकालीन चेतावनी प्रणाली की जांच के लिए जारी किया जा रहा है।

उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के माध्यम से यह परीक्षण अलर्ट भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आपदा के समय चेतावनी संदेश समय पर और प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंच सकें।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि यह पहल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से की जा रही है। इसका मकसद राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत बनाना और मौसम व आपदा से जुड़ी सूचनाओं को समय रहते आम जनता तक पहुंचाना है।यह परीक्षण विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में किया जाएगा, जिससे यह आकलन किया जा सके कि अलर्ट कितनी तेजी और सटीकता से प्रसारित हो रहा है। इसके आधार पर भविष्य में सिस्टम को और बेहतर बनाया जाएगा।अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक टेस्ट मैसेज होगा और इसे लेकर किसी प्रकार की कोई कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, भविष्य में जब वास्तविक आपदा अलर्ट जारी किया जाएगा, तब नागरिकों को उसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
कैसा होगा अलर्ट संदेश?
अलर्ट में मोबाइल पर घंटी बजेगी और संदेश में लिखा होगा—
“भारत द्वारा स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए अपने नागरिकों के लिए त्वरित आपदा चेतावनी सेवा हेतु सेल ब्रॉडकास्ट की शुरुआत की जा रही है।
सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र।
यह एक परीक्षण संदेश है।”

यह पहल राज्य को आपदाओं के प्रति अधिक सजग, सुरक्षित और सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें