
देहरादून, 30 अप्रैल 2026।
राजधानी के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी मारा गया, जबकि थाना प्रभारी प्रेमनगर गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे जनपद में फरार बदमाशों की तलाश के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल क्षेत्र राजीव स्वरूप ने प्रेस वार्ता में कहा कि 29-30 अप्रैल की रात कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि पौंधा रोड पर अज्ञात बदमाशों ने एक ठेकेदार देवराज को गोली मारकर उससे लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश करीब 2 लाख रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजते हुए बदमाशों का पीछा शुरू किया।पीछा करते हुए पुलिस को जंगल की ओर भागती संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस के नजदीक पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी छोड़कर जंगल में भाग गए। पुलिस टीम ने पीछा जारी रखा तो बदमाशों ने दोबारा गोलीबारी की, जिसमें थाना प्रभारी प्रेमनगर घायल हो गए।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान अकरम पुत्र मासूम अली, निवासी शामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि अकरम वर्ष 2014 के चर्चित बालावाला डकैती और अंकित हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। इस मामले में वह लंबे समय तक फरार रहा और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में 2017 में उसे गिरफ्तार किया गया था।अकरम पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हत्या, डकैती, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। हाल ही में वह कोर्ट पेशी के लिए देहरादून आया था और इसी दौरान अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की इस वारदात को अंजाम दिया।मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त कार और लूटी गई पूरी रकम बरामद कर ली है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।






