आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने वित्तीय साक्षरता शिविर का किया दौरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 26 अप्रैल ।भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने देहरादून जिले के भोपालपानी, बडासी और सोडा सरौली ग्राम पंचायतों के स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के सदस्यों के लिए आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर का दौरा किया। यह शिविर क्रिसिल फाउंडेशन के सहसपुर स्थित वित्तीय साक्षरता केंद्र (सीएफएल) द्वारा आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर आरबीआई गवर्नर ने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आर्थिक रूप से जागरूक नागरिक ही मजबूत और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण करते हैं। उन्होंने लोगों को वित्तीय जागरूकता, समृद्धि और दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता के लिए भारत सरकार की विभिन्न पेंशन एवं बीमा संबंधी सामाजिक योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने सीएफएल अधिकारियों से समाज के सभी वर्गों, विशेषकर दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक पहुंचकर उन्हें शिक्षित करने के लिए और अधिक प्रयास करने का आह्वान किया, ताकि वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिल सके। साथ ही प्रतिभागियों से अपील की कि वे शिविर में मिली जानकारी को अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों के साथ भी साझा करें।
श्री मल्होत्रा ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद कर उनकी आर्थिक गतिविधियों और उत्पादों की जानकारी ली। शिविर में बिजनेस कोरेस्पोंडेंटों (बीसी) द्वारा बुनियादी बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा सिक्के और नोट बदलने के लिए विशेष काउंटर, मोबाइल एटीएम वैन तथा स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें गवर्नर ने विशेष रुचि दिखाई और उनकी सराहना की।

इस मौके पर आरबीआई देहरादून के क्षेत्रीय निदेशक अरविंद कुमार सहित भारतीय रिजर्व बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टैट बैंक ऑफ इंडिया, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के वरिष्ठ अधिकारी तथा ब्लॉक विकास अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें