गोर्खाली सुधार सभा की नेहरूग्राम शाखा का वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून। गोर्खाली सुधार सभा की नेहरूग्राम शाखा का वार्षिक अधिवेशन शाखा अध्यक्ष संजय थापा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के उत्थान, संगठन की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष संजय थापा द्वारा मुख्य अतिथि केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा, महामंत्री गोपाल क्षेत्री तथा सचिव एवं मीडिया प्रभारी प्रभा शाह के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। इसके बाद शाखा अध्यक्ष ने विगत वर्ष में किए गए कार्यों तथा आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर साध्वी वैशाली, श्रीमती शुभवंती उपाध्याय, अशोक विलम्ब शर्मा, सपना एवं श्याम राना ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समाजहित में संगठन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।केंद्रीय पदाधिकारियों ने गोर्खाली सुधार सभा के कार्यों, उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी। केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने शाखा के मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्तियां प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं सभा के संरक्षक इंद्रेश उपाध्याय द्वारा वरिष्ठ समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने शाखा अध्यक्ष संजय थापा एवं उनकी टीम के कार्यों और सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार संगठन को मजबूत करने की अपेक्षा जताई।कार्यक्रम में केबी कार्की, अनिता क्षेत्री, सरिता क्षेत्री, संजीव गुरूंग, नारायण शर्मा, राजेंद्र मल्ल, ओपी गुरूंग सहित शाखा के वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा वर्ग एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें