
हरिद्वार, 26 अप्रैल। चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों ने ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना की है। तीर्थयात्रियों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।यात्री पंजीकरण केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं से उत्साहित श्रद्धालु प्रसन्नता और खुशी के साथ चारधाम यात्रा के लिए प्रस्थान कर रहे हैं।
नेपाल के झापा जिले से आई तीर्थयात्री पवित्रा ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि पंजीकरण केंद्र में सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से की गई हैं। यहां यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जा रहा है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
नेपाल से आए दिलीप कुमार ने कहा कि पंजीकरण केंद्र में पीने के पानी, बैठने और पंखों जैसी सुविधाएं अच्छी तरह उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही यहां तैनात कार्मिकों का व्यवहार भी बहुत अच्छा है। उन्होंने जिला प्रशासन, मुख्यमंत्री उत्तराखंड और प्रधानमंत्री का दिल से धन्यवाद किया।नेपाल के काठमांडू से आए राजन ने बताया कि हरिद्वार में चारधाम यात्रा के लिए उनका पंजीकरण सरलता और निशुल्क कराया गया। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं बेहतर हैं, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया।नेपाल से आए तीर्थयात्री भानुप्रताप ने बताया कि उन्होंने यात्री पंजीकरण केंद्र पर चारधाम यात्रा के लिए निशुल्क पंजीकरण कराया है। यहां सभी सुविधाएं और व्यवस्थाएं ठीक प्रकार से की गई हैं, जिससे यात्रा सुगम हो रही है। उन्होंने भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।






