बाढ़ से सुरक्षा के लिए चैनलाइजेशन कार्य प्रारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंपावत, 06 ।
टनकपुर क्षेत्र अंतर्गत छीनीगोठ से ‘हुड्डी नदी संरक्षण अभियान’ का शुभारंभ किया गया। जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तथा स्व. सूबेदार शेर सिंह धामी की स्मृति में यह अभियान प्रारंभ किया गया है। इसके तहत छीनीगोठ, आनंदपुर, चंदनी, बमनपुरी, पचपकरियां और देवीपुरा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर नदी चैनलाइजेशन कार्य शुरू कर दिया गया है।
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए समय रहते यह पहल की गई है, जिससे हुड्डी नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ के खतरे को नियंत्रित किया जा सके। अभियान की खास बात यह रही कि इसमें स्थानीय जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्रमदान किया।
छीनीगोठ स्थित हुड्डी नदी तट से शुरू हुए इस अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। मशीनरी और श्रमिकों की सहायता से नदी के प्रवाह को व्यवस्थित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि नदी का बहाव मध्य भाग में केंद्रित हो और किनारों पर दबाव कम हो सके।
इस पहल से एक ओर जहां संभावित बाढ़ से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर जल संरक्षण और सतत विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही ‘सारा’ योजना के अंतर्गत संचालित जल संरक्षण गतिविधियों को भी इससे मजबूती मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि हुड्डी नदी के किनारे बसे क्षेत्रों में हर वर्ष मानसून के दौरान जलस्तर बढ़ने से तेज बहाव के कारण कृषि भूमि का कटाव, तटबंधों पर दबाव और आवासीय क्षेत्रों में जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न होती रही हैं। कई बार ग्रामीणों को विस्थापन तक झेलना पड़ता है, जिससे सामाजिक और आर्थिक क्षति होती है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जिला खनिज न्यास निधि (DMF) के अंतर्गत 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे कार्यों को गति दी जा रही है।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वयं स्थल निरीक्षण कर छीनीगोठ और चंदनी क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि 6 से 9 अप्रैल तक संचालित इस विशेष अभियान को पूर्ण गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए।
सहायक अभियंता सिंचाई खंड टनकपुर मनोज तिवारी ने बताया कि चैनलाइजेशन के माध्यम से नदी के प्रवाह को नियंत्रित और संतुलित किया जा रहा है, जिससे तटवर्ती क्षेत्रों में जल का दबाव कम होगा। इससे गांवों के आवास, सड़कों और कृषि भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ कटाव की समस्या में भी कमी आएगी।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, जिला पंचायत सदस्य, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, उपजिलाधिकारी टनकपुर अनुराग आर्या, खंड विकास अधिकारी चंपावत अशोक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें