निकाय कर्मचारियों के सम्मान में मुख्यमंत्री धामी का आभार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 01 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा द्वारा आयोजित आभार रैली में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों द्वारा व्यक्त किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की देवतुल्य जनता को समर्पित बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और नगर निकाय कर्मचारियों की जिम्मेदारी विशेष रूप से अहम है। उन्होंने कहा कि निकाय कर्मियों के अथक प्रयासों से ही शहरों और कस्बों में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारी और सेवा भाव की सराहना करते हुए इसे मानवता की उत्कृष्ट मिसाल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है। ऐसे में नगर निकायों की भूमिका और अधिक बढ़ जाती है, विशेषकर चारधाम यात्रा कांवड़ यात्रा और कुम्भ मेला जैसे बड़े आयोजनों के दौरान। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के सशक्तिकरण, सुरक्षा और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और चरणबद्ध तरीके से सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नगर निकाय कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इनमें पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर ₹500 प्रतिदिन करना, चारधाम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय देना, वर्दी और स्नोबूट के लिए ₹2500 की सहायता, स्वास्थ्य एवं कल्याण योजनाओं के लिए वित्तीय प्रावधान, ₹5 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस लागू करना तथा ईपीएफ और ईएसआई लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश शामिल हैं। इसके साथ ही संविदा कर्मचारियों का वेतन ₹7,500 से बढ़ाकर ₹15,000 किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन , अम्रत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से देश में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर प्रदेश के समग्र विकास को गति दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को ‘स्वच्छता मित्र’ के रूप में सम्मानित करते हुए उनके सुरक्षा और कल्याण के लिए ‘नमस्ते योजना’ तथा आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर विधायक सालियां कपूर, उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के मुख्य संयोजक सुरेन्द्र तेश्वर, सह संयोजक संतोष गौरव, नरेश वेद सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें