चम्पावत को मिली ₹36.83 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए ₹36.83 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें ₹7.12 करोड़ लागत की 4 योजनाओं का लोकार्पण और ₹29.71 करोड़ की 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने गांधी चौक में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का भी विधिवत अनावरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से चम्पावत के दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास का लाभ पहुंचेगा और जनपद तेजी से “आदर्श जनपद” के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है, जो प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रसेवा का भाव जागृत करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी कड़ी में चम्पावत को “आदर्श जनपद” बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में ₹117 करोड़ से अधिक की लागत से गोलज्यू कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करते हुए जिला चिकित्सालय में ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित किया गया है। साथ ही ₹5 करोड़ की लागत से सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ₹57 करोड़ की लागत से बन रहा साइंस सेंटर बच्चों को आधुनिक विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके अलावा शारदा कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

खेल क्षेत्र में बेटियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से लोहाघाट में ₹257 करोड़ की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज भी निर्माणाधीन है। वहीं भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट तथा ₹8.99 करोड़ की लागत से वृद्धाश्रम भवन का निर्माण भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीर सैनिकों, वीर नारियों और पर्यावरण मित्रों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियां और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें