देहरादून में देह व्यापार का भंडाफोड़, महिला समेत तीन गिरफ्तार, तीन पीड़िताएं रेस्क्यू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 17 मार्च। दून पुलिस ने कोतवाली कैंट क्षेत्र के बिंदाल इलाके में एक घर में चल रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए महिला सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन पीड़ित महिलाओं को भी रेस्क्यू किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को गोपनीय सूचना मिली थी कि बिंदाल क्षेत्र में एक घर में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी मसूरी के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कैंट पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने 16 मार्च की रात गांधी नगर स्थित रघुनाथ मंदिर के पास एक मकान में अचानक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर के अंदर तीन महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से आपत्तिजनक सामग्री और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

पुलिस ने मौके से मकान की मालिक रानी देवी, आशीष कुमार पांडे और फुलो खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि रानी देवी अपने साथी आशीष पांडे के साथ मिलकर घर में देह व्यापार का संचालन कर रही थी। रेस्क्यू की गई महिलाओं को काम दिलाने के बहाने बाहरी राज्यों से देहरादून बुलाया गया था और उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार कराया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से महिलाओं की तस्वीरें ग्राहकों को भेजते थे और फोन पर रेट तथा मिलने का स्थान तय किया जाता था। इसके बाद आशीष पांडे महिलाओं को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था, जिसके बदले उसे कमीशन मिलता था।

पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ कोतवाली कैंट में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें