
देहरादून, 16 मार्च। भारत के शीर्ष खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए टाइम्स ऑफ इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड्स (टीओआईएसए) 2025 का आयोजन 21 मार्च 2026 को लखनऊ में किया जाएगा। यह समारोह लखनऊ के द सेंट्रम होटल में आयोजित होगा, जिसमें वर्ष 2025 के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 45 से अधिक खेल श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।
टाइम्स ऑफ इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड्स का यह आठवां संस्करण है। इसमें 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 के बीच विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मान्यता दी जाएगी। वर्ष 2025 भारतीय खेलों के लिए कई यादगार जीत और रिकॉर्ड उपलब्धियों वाला साल रहा, जिनका जश्न इस मंच पर मनाया जाएगा।
एक दशक से अधिक समय से टीओआईएसए भारतीय खेल कैलेंडर का प्रमुख आयोजन रहा है। यह ऐसा मंच है जो पूरी तरह खेल प्रतिभा और उपलब्धियों पर आधारित है। खेल विशेषज्ञों, राष्ट्रीय खेल महासंघों और देश के प्रतिष्ठित खिलाड़ियों के बीच इसे विशेष पहचान मिली है। इस मंच ने समय-समय पर देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर भारतीय खेलों की नई ऊंचाइयों को रेखांकित किया है।
इस बार यह आयोजन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हो रहा है। उत्तर प्रदेश को देश में उभरती खेल प्रतिभाओं का प्रमुख केंद्र माना जाता है। कुश्ती, एथलेटिक्स समेत कई खेलों में यहां से लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी सामने आए हैं।
टीओआईएसए 2025 के लिए इस बार एक प्रतिष्ठित जूरी का गठन किया गया है। इसमें टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस, क्रिकेटर मिताली राज, निशानेबाज अभिनव बिंद्रा, पैरा एथलीट देवेंद्र झाझरिया, टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल और हॉकी खिलाड़ी पी.आर. श्रीजेश शामिल हैं। यह सभी दिग्गज खिलाड़ी अपने अनुभव के आधार पर विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं का चयन करेंगे।टाइम्स ऑफ इंडिया के मुख्य परिचालन अधिकारी पुनीत गुप्त ने कहा कि हर चैंपियन सम्मान का हकदार होता है, केवल वही नहीं जो सुर्खियों में रहता है। टीओआईएसए इसी सोच के साथ शुरू किया गया मंच है और आठ संस्करणों के बाद भी यह खेल जगत के लिए सबसे सार्थक पहल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में आयोजन करना इस बात का प्रतीक है कि भारतीय खेल किस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।इस संस्करण में देश के दस शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ियों को भी नामांकित किया गया है। इनमें लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।जूरी सदस्य और ओलंपिक पदक विजेता लिएंडर पेस ने कहा कि चैंपियन बनने की प्रक्रिया बहुत पहले शुरू हो जाती है, जब दुनिया उन्हें पहचानना भी शुरू नहीं करती। टीओआईएसए ऐसे ही खिलाड़ियों को पहचानने और उनके प्रयासों को सम्मान देने का मंच है, जो चुपचाप भारतीय खेलों की नई संभावनाओं को गढ़ रहे हैं।








