
खटीमा, 15 मार्च ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में चयनित प्रदेश की तीन प्रतिभाशाली बेटियों से अपने निजी आवास नगला तराई में मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन बेटियों ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने किच्छा निवासी शांभवी तिवारी, काशीपुर की प्रिया चौहान और भीमताल निवासी सौम्या गर्ब्याल से संवाद करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके समर्पण, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने तीनों सफल अभ्यर्थियों को पुस्तक, उपहार और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद की जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भी सम्मानित किया। लता बिष्ट ने भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित माउंट चंद्रभागा-13 (6264 मीटर) और माउंट चंद्रभागा-14 (6074 मीटर) के पर्वतारोहण अभियान का टीम लीडर के रूप में सफल नेतृत्व किया। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए बधाई दी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








