हरिद्वार में कुंभ-2027 की तैयारियों को रफ्तार, 234.55 करोड़ के 34 स्थायी कार्यों का शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हरिद्वार 21 फरवरी। पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा के लिए हरिद्वार पहुंचे। कुम्भ मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) पहुंचने पर उन्होंने राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत 34 प्रमुख अवसंरचना कार्यों का शिलान्यास किया। 234.55 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले ये स्थायी प्रकृति के कार्य कुंभ मेले के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के साथ-साथ हरिद्वार शहर के दीर्घकालीन विकास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और वैश्विक छवि से जुड़ा आयोजन है। ऐसे में व्यवस्थाओं को आधुनिक, सुरक्षित और टिकाऊ बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सेक्टरवार स्वीकृत कार्यों में घाट निर्माण एवं सिंचाई अवसंरचना के सात कार्य 70.54 करोड़ रुपये की लागत से किए जाएंगे। सड़क एवं परिवहन अवसंरचना से जुड़े 12 कार्यों पर 127.23 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे यातायात प्रबंधन और आवागमन सुविधाएं बेहतर होंगी। पेयजल एवं जल आपूर्ति अवसंरचना के नौ कार्य 18.11 करोड़ रुपये से पूरे किए जाएंगे। वहीं श्रद्धालु सुविधाओं एवं सहायक अवसंरचना के छह कार्यों पर 18.67 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री सीसीआर भवन में उच्चस्तरीय बैठक लेकर मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कर रहे हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं तथा भीड़ प्रबंधन जैसे अहम बिंदुओं पर चर्चा की जा रही है। सरकार का लक्ष्य कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप में आयोजित करना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Comment

और पढ़ें