
देहरादून 19 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विकास खंड परिसर चिन्यालीसौड़ में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों की उपस्थिति में अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के इस अभियान से प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुलभ और पारदर्शी बनी है। अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया है तथा 40 हजार से अधिक नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े। इसी सोच के तहत गांव-गांव में शिविर लगाकर मौके पर समाधान किया जा रहा है।
चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी से शुरू होगी हेली सेवा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हेली सेवा के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी एवं गौचर हवाई पट्टी से हेली सेवा प्रारंभ की जाएगी। दोनों हवाई पट्टियों का संचालन सेना के माध्यम से किए जाने की योजना है। उन्होंने बताया कि अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है और सरकार ने इसकी तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि यात्रा के सफल संचालन में स्थानीय हितधारकों—तीर्थ पुरोहितों, होटल व्यवसायियों, टैक्सी-मैक्सी संचालकों और स्थानीय नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है और उत्तराखंड भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान देगा। महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक दो लाख से अधिक लखपति दीदियों को सशक्त किया है और महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय मांगों पर मुख्यमंत्री ने सीएचसी चिन्यालीसौड़ और महाविद्यालय के उच्चीकरण को सीएम घोषणा में शामिल करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन ने कहा कि अभियान के अंतर्गत संयुक्त टीमें गठित कर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं हो पा रहा है, उन्हें ऑनलाइन दर्ज कर नियमित फॉलोअप के माध्यम से हल किया जाएगा।
कार्यक्रम में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।







