11 जनवरी को पटेल नगर में भव्य और पारंपरिक रूप से मनाया जाएगा लोहड़ी पर्व
देहरादून, 05 जनवरी 2026।
हजारा बुणजाई बिरादरी 1950, देहरादून (पंजी.) द्वारा वार्षिक लोहड़ी महोत्सव को भव्य, पारंपरिक और सांस्कृतिक गरिमा के साथ आयोजित करने के उद्देश्य से कार्यकारिणी सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिरादरी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आयोजन की विस्तृत रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में बताया गया कि हजारा बुणजाई बिरादरी उत्तराखंड के सबसे पुराने सामाजिक संगठनों में से एक है, जो लंबे समय से सामाजिक सद्भाव, आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण हेतु कार्य करती आ रही है। बिरादरी द्वारा भारत की स्वतंत्रता के बाद वर्ष 1947 से निरंतर देहरादून में लोहड़ी पर्व का आयोजन किया जाता रहा है, जिसके माध्यम से सर्व समाज में एकता और भाईचारे का संदेश दिया जाता है।
प्रचार मंत्री एवं मीडिया प्रभारी अभिनव थापर ने जानकारी दी कि इस वर्ष लोहड़ी महोत्सव 11 जनवरी 2026 को पटेल नगर, देहरादून में पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं लोक-संस्कृति के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में पारंपरिक लोहड़ी अलाव, लोकगीत-संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द को प्रोत्साहित करने वाले विविध आयोजन शामिल रहेंगे। बच्चों, युवाओं एवं वरिष्ठजनों की सक्रिय सहभागिता के लिए विशेष गतिविधियों की भी योजना बनाई गई है।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि लोहड़ी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का सशक्त माध्यम है। सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
बैठक में अध्यक्ष पवन चंडोक सहित अभिनव थापर, सचिन विज, संजय उप्पल, सतीश कक्कड़, अभिषेक तलवार, बाबूराम सहगल, संजीव पूरी, प्रद्युम्न कक्कड़, प्रदीप सुदी, संजय सुदी, धीरज ओबेरॉय, योगेश नंदा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।







