डॉ. अनिल वर्मा को “रक्तदाता सम्राट अवॉर्ड–2026” से किया गया सम्मानित
देहरादून 02 जनवरी
।
।डीएवी इंटर कॉलेज की एनएसएस इकाई द्वारा सैनिक कल्याण विश्रामगृह, कालीदास रोड में आयोजित विशेष शिविर के अंतर्गत यूथ रेडक्रास के मास्टर ट्रेनर एवं आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. अनिल वर्मा द्वारा आपदा प्रबंधन, अग्निशमन तथा प्राथमिक चिकित्सा पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, विंग कमांडर विधि बधानी, वीरा फाउंडेशन के निदेशक विनोद डोभाल, यशवीर सिंह राणा, प्रधानाचार्य डॉ. ए.के. श्रीवास्तव तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बबीता सहोत्रा विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अनुशासन ही सफल जीवन का मूल आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विद्यार्थियों को जीवन कौशल सिखाने का सशक्त मंच है। उन्होंने दया, करुणा, परोपकार, ईमानदारी और नैतिकता जैसे मूल्यों को अपनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर उत्तराखंड में 155 बार रक्तदान कर अनुकरणीय योगदान देने वाले डॉ. अनिल वर्मा को एनएसएस एवं वीरा फाउंडेशन की ओर से “रक्तदाता सम्राट अवॉर्ड–2026” से सम्मानित किया गया। मंत्री गणेश जोशी ने उनके योगदान की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
इसके पश्चात डॉ. अनिल वर्मा ने शिविरार्थियों को आग के प्रकार, आग बुझाने की विधियां, अग्निशमन यंत्रों का प्रयोग, साथ ही भूकंप, भूस्खलन एवं बाढ़ के दौरान जान-माल की सुरक्षा, आपातकालीन रेस्क्यू तकनीक एवं प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य डॉ. सचिन श्रीवास्तव, यशवीर सिंह राणा, एस.के. सिंह, प्रवक्ता आर.के. चावला, राकेश कुमार, एनसीसी नेवल विंग अधिकारी सुधीर पोखरियाल, सीसीपीओ नेवल कार्तिक बिष्ट, तृप्ता कुमार, रिबेका, शकुंतला सिंह, शैलेंद्र मौर्य, दामिनी राणा, श्रीमती कुसुम मल्होत्रा सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य उपस्थित रहे।
शिविर का संयोजन डॉ. अनिल वर्मा, संचालन डॉ. बबीता सहोत्रा तथा धन्यवाद ज्ञापन उप-प्रधानाचार्य डॉ. सचिन श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
Author: Day Night Khabar
Post Views: 48






