देहरादून 24 दिसंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के गांधी के नाम से विख्यात महान राज्य आंदोलनकारी इंद्रमणि बडोनी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बडोनी के उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में दिए गए अमूल्य योगदान का भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन संघर्ष, त्याग और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि इंद्रमणि बडोनी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन को न केवल दिशा दी, बल्कि जनशक्ति को संगठित कर उसे नई ऊर्जा प्रदान की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बडोनी के विचार, संकल्प और राज्यहित के प्रति निस्वार्थ सेवा भाव आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनके आदर्शों और मूल्यों पर चलते हुए उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इंद्रमणि बडोनी के बताए मार्ग पर चलकर राज्य के विकास और जनकल्याण में सहभागी बनने का आह्वान भी किया।







